Ranchi: राजस्थान और ओडिशा स्थापना दिवस पर राज्यपाल गंगवार का संदेश – ‘सांस्कृतिक विविधता ही भारत की शक्ति

newscaffeofficial@gmail.com
2 Min Read

रांची: ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के तहत गुरुवार को राज भवन, रांची में राजस्थान और ओडिशा राज्य के स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। दरबार हॉल में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में दोनों राज्यों के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया।

अपने संबोधन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राजस्थान और ओडिशा की ऐतिहासिक व सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन राज्यों की परंपराएं और विकासशील दृष्टिकोण देश को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने झारखंड में बसे राजस्थान और ओडिशा के नागरिकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक अपनी मातृभूमि और कर्मभूमि दोनों के उत्थान में सहयोग दें ताकि भारत प्रगति की दिशा में आगे बढ़ सके।

समारोह के दौरान राज्यपाल ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रणाली को मजबूत बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विधायिका में बहुमत के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि देश की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो, यह सुनिश्चित करना सभी का कर्तव्य है।

इस अवसर पर राजस्थान और ओडिशा से आए गणमान्य व्यक्तियों और प्रतिनिधियों को राज्यपाल द्वारा अंग वस्त्र और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों ने राज भवन में इस आयोजन के लिए राज्य सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

गौरतलब है कि राजस्थान का स्थापना दिवस 30 मार्च को तथा ओडिशा का स्थापना दिवस 1 अप्रैल को मनाया जाता है। यह आयोजन ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के तहत देश की एकता और सांस्कृतिक विविधता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!