Railway News: पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने शनिवार को धनबाद रेल मंडल कार्यालय के सभागार में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में मुख्यालय से आए वरिष्ठ विभागाध्यक्षों के साथ मंडल रेल प्रबंधक कमल किशोर सिन्हा एवं अन्य विभागीय अधिकारी भी शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य बीते वित्तीय वर्ष 2024-25 के प्रदर्शन की समीक्षा करना और आगामी वर्ष 2025-26 की कार्य योजना को अंतिम रूप देना था।
बैठक में महाप्रबंधक ने धनबाद मंडल को 193.91 मिलियन टन माल लदान का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाने पर बधाई दी और 2025-26 के लिए 205 मिलियन टन का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने माल ढुलाई के क्षेत्र में और प्रगति के लिए नई रणनीतियों पर जोर देते हुए रेलवे की गति, संसाधन और संरचना को और सशक्त बनाने की आवश्यकता बताई।
जीएम बोले – समय पालन और माल लदान में चाहिए और मजबूती
इसके साथ ही, उन्होंने स्टेशन सुविधाओं, संरचनात्मक विकास, कर्मचारी कल्याण और ट्रेनों के समयपालन पर गहन समीक्षा की। महाप्रबंधक ने ट्रेनों की समयबद्धता को 95 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य तय करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख फ्रेट कस्टमर्स—बीसीसीएल, सीसीएल, एनसीएल, डीवीसी, एसीसी सिंदरी, हर्ल, पीवीयूएनएल, बीकेबी, पकरी बरवाडीह, गोदावरी और केराधारी—के प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद हुआ। इसमें यह चर्चा हुई कि रेलवे और इंडस्ट्री के बीच समन्वय से किस तरह व्यापारिक विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
धनबाद मंडल का यह समीक्षा सत्र न सिर्फ बीते साल की उपलब्धियों का लेखा-जोखा था, बल्कि यह संकेत भी था कि भारतीय रेलवे की रीढ़ माने जाने वाले इस मंडल के सामने अब और भी ऊंचे लक्ष्य हैं। माल लदान से लेकर यात्रियों की सुविधाएं, हर पहलू में नया कीर्तिमान स्थापित करने का संकल्प इस बैठक से सामने आया।





