नगर निकाय चुनाव से पहले पुलिस अलर्ट, जिले में रोज चलेगा एंटी क्राइम चेकिंग अभियान

हुड़दंगियों पर रहेगी खास नजर!

newscaffeofficial@gmail.com
3 Min Read

संवाददाता, धनबाद: आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर धनबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। चुनाव के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने प्रतिदिन एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी, हुड़दंग और शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सोमवार को समाहरणालय स्थित पुलिस मुख्यालय सभागार में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की अध्यक्षता में जनवरी 2026 माह की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और चुनावी सुरक्षा तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।

अपराध आंकड़ों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनवरी माह में जिले में 522 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जबकि पुलिस ने 625 मामलों का निष्पादन किया। दर्ज मामलों से अधिक मामलों के निपटारे के कारण जिले में लंबित मामलों की संख्या घटकर करीब दो हजार रह गई है। एसएसपी ने इसे पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई का सकारात्मक परिणाम बताया।

एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वारंट और कुर्की से जुड़े लंबित मामलों का एक सप्ताह के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि फरार अपराधियों पर सख्ती जरूरी है, ताकि समाज में कानून का भय बना रहे।

अपराध नियंत्रण को और मजबूत करने के लिए जिले में 950 सक्रिय अपराधियों को सर्विलांस पर रखा गया है। इसके अलावा, पिछले पांच वर्षों में जमानत पर बाहर आए करीब चार हजार अपराधियों की गतिविधियों पर भी तकनीकी निगरानी बढ़ा दी गई है। एसएसपी ने चेतावनी दी कि दोबारा अपराध में शामिल पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नगर निकाय चुनाव को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में प्रतिदिन एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाएं। सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी, अवैध शराब सेवन और असामाजिक गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।

बैठक में बढ़ते सड़क हादसों पर भी चिंता जताई गई। एसएसपी ने दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए एक विशेष कार्ययोजना तैयार कर जीटी रोड पर विशेष ट्रैफिक अभियान चलाने का निर्देश दिया। इस दौरान ओवरस्पीडिंग, लापरवाही से वाहन चलाने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बरती जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनावी माहौल में किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिले में शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराना प्राथमिकता होगी।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!