संवाददाता, धनबाद: धनबाद में लोन सेटलमेंट विवाद को लेकर एक रिकवरी एजेंट की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अमित कुमार मित्तल उर्फ अग्रवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर मृतक का शव उसके घर से बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी संगीता देवी के लिखित आवेदन पर पहले अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण और 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक धनबाद के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
तकनीकी अनुसंधान और लगातार छापामारी के दौरान पुलिस को सूर्या हाईलाइन अपार्टमेंट के एक डुप्लेक्स में रहने वाले विकास खंडेलवाल पर संदेह हुआ। पूछताछ के लिए हिरासत में लिए जाने के बाद कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने लोन सेटलमेंट को लेकर हुए विवाद में धारदार हथियार से अमित मित्तल की हत्या कर दी और शव को अपने घर के किचन में छिपा दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घर से मृतक का शव बरामद कर लिया।इसके साथ ही पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का गड़ांसा, खून से सना जींस, मृतक की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी विकास खंडेलवाल (36 वर्ष) को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच लोन सेटलमेंट को लेकर विवाद चल रहा था, जो हत्या की वजह बना।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस घटना में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।





