पाकुड़ में बोले सांसद निशिकांत: पाकुड़ नगर परिषद अध्यक्ष पद पर घुसपैठियों की नजर, वंदे भारत ट्रेन का बड़ा वादा

newscaffeofficial@gmail.com
3 Min Read
निशिकांत दुबे

न्यूजकैफे। झारखंड के पाकुड़ जिले में नगर निकाय चुनाव का सियासी पारा चरम पर पहुंच गया है। शुक्रवार को भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने भाजपा समर्थित उम्मीदवार संपा साहा के समर्थन में एक विशाल पदयात्रा और रैली निकाली, जिसमें पार्टी का जबरदस्त जनसैलाब उमड़ा। यह शक्ति प्रदर्शन शहर की सड़कों पर चुनावी माहौल को पूरी तरह गर्म कर गया।

रैली में दिखी भाजपा की ताकत

विवेकानंद चौक से शुरू हुई पदयात्रा रविंद्र चौक तक पहुंची, जहांसमर्थक और कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा नेता संजीव भगत उर्फ बबलू भगत, परितोष सोरेन, मीरा प्रवीण सिंह, हिसाबी राय और जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता कंधे से कंधा मिलाकर चले।नेताओं ने एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि हर वार्ड में विकास योजनाओं को रफ्तार दी जाएगी।

जनता से सीधा संवाद, वंदे भारत का ऐलान

सांसद निशिकांत दुबे ने जनता से सीधे जुड़ते हुए कहा, “पाकुड़ के विकास, पारदर्शी प्रशासन और बुनियादी सुविधाओं के लिए भाजपा को मजबूत जनादेश चाहिए।” उन्होंने अपील की, “संपा साहा को जीत का आशीर्वाद दीजिए, मैं पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करूंगा।” विशेष रूप से भागलपुर-हावड़ा वंदे भारत ट्रेन को पाकुड़ में रोकने का वादा किया, जिसे उन्होंने चुनावी जुमला नहीं बल्कि ठोस योजना बताया। मतदाताओं से घर-घर जाकर प्रचार और भारी मतदान की अपील भी की। सांसद ने पाकुड़ रेलवे स्टेशन की आर्थिक अहमियत बताते हुए कोयला और गिट्टी की आमदनी का जिक्र किया। उन्होंने धुलियान-पाकुड़ रेल लाइन, गोड्डा-पाकुड़ लाइन, दिल्ली के लिए नई ट्रेनें और वाशिंग पिट जैसी कई रेल सौगातों की घोषणा की।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य सरकार पर तीखा हमला

पदयात्रा के बाद भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सांसद ने राज्य सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि राज्य में फैली अव्यवस्था से जनता नाराज है, इसी कारण सरकार ने दलगत चुनाव नहीं कराए। फिर भी आत्मविश्वास से दावा किया कि भाजपा के अथक प्रयासों से सभी 48 स्थानों पर पार्टी जीतेगी।

घुसपैठियों का मुद्दा छेड़ा, शहर की बदहाली पर चिंता सांसद ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पाकुड़ में बांग्लादेशी घुसपैठियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और अब उनकी नजरें पाकुड़ नगर परिषद पर टिकी हैं। उन्होंने शहर की बदहाल सड़कों का जिक्र करते हुए कहा कि महज 26-27 किमी की दूरी तय करने में एक घंटे से ज्यादा समय लगता है, जो शहर की दयनीय स्थिति को बयां करता है।

  • खबरें और भी हैं newscaffe.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें newscaffe7@gmail.com पर भेजें।
Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!