संवाददाता, धनबाद: नगर निकाय चुनाव में राजनीतिक दल अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में सक्रिय हैं। धनबाद मेयर जेएमएम प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल को माले का समर्थन मिला है, जबकि चिरकुंडा नगर परिषद अध्यक्ष माले समर्थित प्रत्याशी शुक्ला राय को जेएमएम ने समर्थन दिया है।
सोमवार को चंद्रशेखर अग्रवाल के कार्यालय में आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता में दोनों पक्ष ने यह जानकारी दी और जीत का दावा किया।
चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि वे विकास के मुद्दों पर चुनाव लड़ रहे हैं और जनता के आशीर्वाद से ही जीत हासिल करना चाहते हैं। जेएमएम के टुंडी विधायक मथुरा महतो ने बताया कि पार्टी ने चुनाव में जीत दर्ज करने वाले प्रत्याशी को समर्थन दिया है और जनता इस प्रयास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
वहीं माले के विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि धनबाद मेयर और चिरकुंडा नगर परिषद अध्यक्ष प्रत्याशी को जेएमएम-माले ने साझा रूप से समर्थन दिया है। उनका कहना था कि दोनों दलों की विचारधारा समान है और आने वाले वर्षों में वे लगातार चुनावों में सफलता हासिल करेंगे।





