Dhanbad News: घर संभालने के साथ राजनीति में भी आगे महिलाएं, 262 महिला प्रत्याशी मैदान में

newscaffeofficial@gmail.com
2 Min Read

संवाददाता, धनबाद: धनबाद नगर निकाय चुनाव में इस बार महिलाओं की मजबूत भागीदारी देखने को मिल रही है। घर–परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के साथ-साथ महिलाएं चुनावी मैदान में भी पूरी सक्रियता से उतर रही हैं और जनसंपर्क अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं।

धनबाद नगर निगम के 55 वार्डों में पार्षद पद के लिए कुल 447 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 262 महिला और 185 पुरुष प्रत्याशी शामिल हैं। खास बात यह है कि अनारक्षित 29 वार्डों में भी 58 महिलाएं चुनाव लड़ रही हैं, जो महिला सशक्तिकरण की तस्वीर पेश करता है।

नगर निगम के 55 वार्डों में से 26 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इन आरक्षित वार्डों में भी मुकाबला काफी रोचक बना हुआ है। कई वार्डों में एक से अधिक महिला प्रत्याशी आमने-सामने हैं। वार्ड संख्या 27 में सबसे अधिक 10 महिला उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

महिला प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में साफ-सफाई, नाली, पानी, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं को दूर करने का वादा कर रही हैं। इसके साथ ही महिलाओं को रोजगार से जोड़ने, हाट-बाजार में शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों को भी अपने चुनावी एजेंडे में शामिल कर रही हैं।

चुनाव में मिल रही इस भागीदारी को महिलाएं एक बेहतर अवसर मान रही हैं। उनका कहना है कि इससे उन्हें अपने वार्ड के विकास में सीधे तौर पर भूमिका निभाने का मौका मिल रहा है। इस चुनाव में महिलाएं सिर्फ पार्षद पद तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि मेयर पद के लिए भी अपनी दावेदारी पेश कर रही हैं। धनबाद नगर निगम के मेयर पद के लिए कुल 29 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें चार महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!