न्यूज़ कैफे | धनबाद: धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत शिमराटांड़ में शुक्रवार सुबह एक रुई फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिसमें एक मजदूर झुलस गया। घायल मजदूर को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही बरवाअड्डा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। बताया गया कि दमकल वाहन को घटनास्थल तक पहुंचने में एक घंटे से अधिक का समय लग गया। इस दौरान आग फैक्ट्री से निकलकर आसपास की झाड़ियों तक फैल गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार फैक्ट्री परिसर और आसपास पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण आग पर तत्काल काबू नहीं पाया जा सका। इससे आग तेजी से फैलती चली गई और फैक्ट्री में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया।
फैक्ट्री संचालक तारिक अनवर ने बताया कि उनकी इकाई में कपड़ों से रुई तैयार करने का काम किया जाता था। सुबह अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई, जो कुछ ही पलों में पूरी फैक्ट्री में फैल गई। उन्होंने बताया कि हादसे में एक मजदूर आंशिक रूप से झुलस गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संचालक के अनुसार आग में रुई बनाने वाली मशीन और एक मोबाइल फोन पूरी तरह जलकर बर्बाद हो गए हैं। प्रारंभिक आकलन में इस घटना से करीब 4 से 5 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
समाचार लिखे जाने तक अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही थी। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।





