संवाददाता, धनबाद: दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ और संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए धनबाद पुलिस ने कमर कस ली है। शुक्रवार को पुलिस केंद्र परिसर में एक विशेष मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिसमें जवानों ने दंगा नियंत्रण से लेकर आपदा प्रबंधन तक की बारीकियों का अभ्यास किया।
इस मौके पर एसएसपी प्रभात कुमार, ग्रामीण एसपी कपील चौधरी, सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव, प्रशिक्षु आईपीएस राघवेंद्र शर्मा, डीएसपी धीरेन्द्र नारायण बंका और डीएसपी शंकर कामती सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
ड्रिल के दौरान जवानों ने अनुशासन और सटीकता के साथ अभ्यास किया। वाटर कैनन से पानी की बौछार कर भीड़ को नियंत्रित करने का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही लाठीचार्ज और आंसू गैस का प्रयोग कर दिखाया गया कि किसी आपात स्थिति में पुलिस कैसे भीड़ को नियंत्रित करेगी। जवानों को यह भी सिखाया गया कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि रखते हुए संयम और साहस के साथ कार्रवाई करनी है।
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, मेला स्थलों और पंडालों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा। वॉच टावर से लगातार निगरानी रखी जाएगी और सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर मनचलों और शरारती तत्वों पर विशेष नज़र रखी जाएगी।
एसएसपी ने कहा कि मॉक ड्रिल महज़ औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह अभ्यास जवानों का आत्मविश्वास बढ़ाता है और उन्हें वास्तविक स्थिति में त्वरित निर्णय लेने में सक्षम बनाता है। उन्होंने साफ कहा कि “धनबाद पुलिस हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना हमारी पहली प्राथमिकता है।”
धनबाद पुलिस ने नागरिकों से शांति और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की है। साथ ही लोगों से कहा गया है कि संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत स्थानीय पुलिस या डायल 112 को सूचना दें। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए वाहन कम प्रयोग करने और केवल निर्धारित स्थानों पर पार्किंग करने की भी अपील की गई।





