Dhanbad News: बरवाअड्डा 8 लेन के पास अर्धनिर्मित बाउंड्री में मिला शव

newscaffeofficial@gmail.com
2 Min Read

संवाददाता, धनबाद: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के 8 लाइन इलाके में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अर्धनिर्मित बाउंड्री के भीतर एक व्यक्ति का शव पड़े होने की जानकारी सामने आई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

जांच में मृतक की पहचान 50 वर्षीय मनोज राम के रूप में हुई है। मनोज पेशे से सफाईकर्मी था और कचरा उठाने का कार्य करता था। बताया गया कि वह बापू नगर इलाके में किराए के मकान में रहता था, लेकिन अक्सर रात के समय घर के बाहर ही सो जाता था और कभी-कभी आसपास की बस्तियों या खुले स्थानों पर रात बिताता था।

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों के अनुसार, जब उन्होंने मनोज को देखा तो उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी और उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पत्नी सुनीता ने आशंका जताई है कि कड़ाके की ठंड के कारण उसकी जान गई हो सकती है, हालांकि उन्होंने किसी तरह की अनहोनी से भी इनकार नहीं किया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!