संवाददाता, धनबाद: धनबाद में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने इंसानियत पर सवाल खड़े कर दिए। डीसी ऑफिस के ठीक सामने एक तेज रफ्तार हाईवा ने सड़क किनारे फल बेच रहे सुधीर यादव 40 वर्षीय को कुचल दिया। हादसे में उनके दोनों पैर बुरी तरह कुचले गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
सुधीर रोज ION डिजिटल के पास फल का ठेला लगाते थे और मेमको मोड़ के पास रहते थे। हादसे के वक्त हाईवा बरवड्डा की ओर से आ रही थी और मेमको की ओर जा रही थी। भीड़ भरे इलाके में हुई इस घटना को दर्जनों लोग देख रहे थे, लेकिन कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आया। लोग सिर्फ वीडियो बनाते रहे।
घटना की खबर मिलते ही ‘ह्यूमैनिटी हेल्पिंग हैंड्स’ संस्था के गौतम मंडल, अपूर्वा विश्वास और लक्ष्मण कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने सुधीर को निजी वाहन से SNMMCH पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
इस हादसे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या अब मदद के लिए हाथ नहीं, सिर्फ कैमरे उठते हैं? क्या सबसे सुरक्षित माने जाने वाले डीसी ऑफिस के सामने भी लोग सुरक्षित नहीं?स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यहां ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने की सख्त जरूरत है, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।





