संवाददाता, धनबाद: धनबाद के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पंडरपाला स्थित राजेंद्र ग्राउंड के समीप रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्थानीय लोगों ने नाले में एक अधेड़ व्यक्ति का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद मामले की जानकारी बैंक मोड़ पुलिस को दी गई।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया। जांच के दौरान मृतक की पहचान पंडरपाला निवासी आफताब खान (लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंचे मृतक के छोटे भाई अनवर खान ने बताया कि आफताब की मानसिक स्थिति लंबे समय से ठीक नहीं थी और उनका इलाज चल रहा था। वह अक्सर घर से निकलकर इधर-उधर भटक जाते थे। परिजनों के अनुसार, वह पिछले दो दिनों से घर नहीं लौटे थे।
इस संबंध में बैंक मोड़ थाना के एसआई सुनील कुमार रवि ने बताया कि राजेंद्र ग्राउंड के पास नाले में शव होने की सूचना मिली थी। पहचान के बाद परिजनों को बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में परिजनों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि भटकते हुए आफताब नाले की ओर चले गए होंगे और संभवतः फिसलकर गिरने से उनकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।





