Bokaro News: बोकारो के बीएस सिटी थाना क्षेत्र स्थित को-ऑपरेटिव कॉलोनी में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। प्लॉट संख्या 192ए में रहने वाले मकान मालिक कलिका राय की हत्या ने ना केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि यह भी उजागर किया है कि भरोसे के अंदर छुपा खौफ कितना भयावह हो सकता है।
पुलिस को सूचना मिली कि 11 मई की रात मकान मालिक की उनके ही कमरे में बेरहमी से हत्या कर दी गई। जब बीएस सिटी थाना की टीम मौके पर पहुंची, तो मृतक अर्धनग्न अवस्था में खून से लथपथ बिस्तर पर पड़े मिले। चेहरा पूरी तरह कुचला हुआ था, जिससे यह स्पष्ट था कि हत्या किसी भारी और कठोर वस्तु से की गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने नगर डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम (SIT) का गठन किया। जांच में फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड और तकनीकी साक्ष्य का सहारा लिया गया।

सभी सुराग आखिरकार जाकर जुड़ते हैं उसी मकान की एक किरायेदार महिला से—रूणा देवी। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की और जो कहानी सामने आई, वो चौंकाने वाली थी।
रूणा देवी ने खुलासा किया कि मृतक कलिका राय उसे बार-बार परेशान करता था। घटना वाली रात उसने मछली देने के बहाने महिला को बुलाया। जब उसने आपत्तिजनक हरकत की, तो रूणा देवी ने किचन से लोढ़ा उठाकर सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद उसने घर में ताला लगाया और चाबी बाहर फेंक दी ताकि शक न जाए।
SIT ने रूणा देवी को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोढ़ा, खून से सनी नाईटी, मोबाइल और चाबी भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस अब पूरे मामले की कड़ियों को जोड़कर चार्जशीट तैयार कर रही है और आरोपी को जल्द कोर्ट में पेश किया जाएगा।
- यह भी पढ़ें-





