धनबाद: धनबाद पुलिस को बाइक चोरी के मामलों में बड़ी सफलता मिली है। जिले में सक्रिय बाइक चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने उनके पास से 21 चोरी की बाइक बरामद की हैं। इस कार्रवाई की जानकारी बुधवार को एसएसपी प्रभात कुमार ने प्रेसवार्ता के माध्यम से दी।
एसएसपी ने बताया कि जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से बाइक चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सिंदरी डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने पांच अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर बाइक चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से 21 बाइक के अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये चोर चोरी की बाइक को झरिया के एक गैरेज में ले जाकर उसके इंजन और चेसिस नंबर को मिटा देते थे। इसके बाद फर्जी कागजात तैयार कर गाड़ियों की अवैध खरीद-बिक्री की जाती थी।
पुलिस ने गैरेज संचालक को भी गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ झरिया थाना में केस दर्ज किया गया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. आरिफ अंसारी उर्फ आरिफ गद्दी, जागो उर्फ जगदीश भुइंया, छोटू कुमार उर्फ छोटू पंडित, सूरज कुमार और मो. असलम (निवासी – जामताड़ा) के रूप में हुई है।
धनबाद पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। एसएसपी ने कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिले को अपराधमुक्त बनाने की दिशा में पुलिस कड़ी कार्रवाई करती रहेगी।





