नगर निकाय चुनाव को लेकर डीसी-एसएसपी ने डिस्पैच व रिसीविंग सेंटरों की अंतिम तैयारियों का लिया जायजा

newscaffeofficial@gmail.com
2 Min Read

न्यूज़ कैफे | धनबाद: नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने शुक्रवार को विभिन्न डिस्पैच एवं रिसीविंग सेंटरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में सबसे पहले उपायुक्त शहीद रणधीर प्रसाद वर्मा स्टेडियम स्थित वाहन कोषांग पहुंचे। यहां उन्होंने चुनाव कार्य में उपयोग किए जाने वाले लगभग 250 बसों एवं करीब 250 छोटे वाहनों को निर्धारित रूट एवं समय सारिणी के अनुसार डिस्पैच सेंटर भेजने का निर्देश दिया।

इसके पश्चात उपायुक्त एवं एसएसपी ने राजकीय पॉलिटेक्निक स्थित रिसीविंग सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों को पोलिंग सामग्री मूवमेंट प्लान का सख्ती से पालन करने तथा रिसीविंग प्लान के अनुसार सावधानीपूर्वक सामग्री प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद धनबाद नगर निगम एवं चिरकुंडा नगर परिषद के लिए बनाए गए वार्डवार रिसीविंग टेबल, बज्रगृह, काउंटिंग हॉल एवं मीडिया सेंटर का भी निरीक्षण किया गया।

भ्रमण के अंतिम चरण में दोनों अधिकारी मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित डिस्पैच सेंटर पहुंचे। यहां उन्होंने डिस्पैच सेंटर से चुनाव सामग्री को समय पर रवाना करने का निर्देश दिया। इस दौरान धनबाद नगर निगम के 55 वार्डों एवं चिरकुंडा नगर परिषद के 21 वार्डों के लिए बनाए गए काउंटर, रिजर्व पोलिंग पार्टी हेतु शेड, कार्मिक कोषांग, पास कोषांग, मेडिकल कैंप, फूड स्टॉल, कंट्रोल रूम तथा मीडिया कोषांग का निरीक्षण कर अंतिम तैयारियों की समीक्षा की।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि डिस्पैच के दिन सभी वाहन चालकों एवं पोलिंग पार्टियों को कंट्रोल रूम से लगातार दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। उन्होंने सभी वाहनों को समय पर डिस्पैच करने, डिस्पैच सेंटर से सीधे अपने-अपने मतदान केंद्र तक पहुंचने तथा मतदान संपन्न होने के बाद बिना विलंब राजकीय पॉलिटेक्निक स्थित रिसीविंग सेंटर पहुंचने का निर्देश दिया।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!