Dhanbad News: बलियापुर के परघा बस्ती में उत्पाद विभाग की कार्रवाई, 200 लीटर चुलाई शराब जब्त

newscaffeofficial@gmail.com
3 Min Read

न्यूज़ कैफे | धनबाद: नगर निकाय चुनाव 2026 और होली पर्व को देखते हुए धनबाद जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार तड़के बलियापुर थाना क्षेत्र के परघा बस्ती, बांधटांड़ और कुसुमाटांड़ इलाके में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया।

छापेमारी के दौरान अवैध चुलाई शराब निर्माण में इस्तेमाल की जा रही कई भट्टियों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया। उत्पाद विभाग की टीम ने लगभग 1000 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया, जबकि करीब 200 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई। जब्त की गई सामग्री को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत सील कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस संबंध में उत्पाद निरीक्षक जॉय हेंब्रम ने बताया कि बीते एक माह से जिले में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। चुनाव और होली पर्व को ध्यान में रखते हुए विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि इन इलाकों में दोबारा अवैध शराब का अड्डा सक्रिय किया गया है। सूचना के आधार पर दलबल के साथ छापेमारी की गई।

उन्होंने बताया कि कार्रवाई की भनक लगते ही अवैध शराब के संचालक जंगल और आसपास के क्षेत्रों का लाभ उठाकर फरार हो जाते हैं, जिसके कारण मौके से किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। हालांकि संबंधित संचालकों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सभी जब्त सामग्री की सूची तैयार कर वरीय अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा रही है।

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में जोगनकोचा क्षेत्र में भी उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 400 लीटर महुआ शराब जब्त की थी और करीब 1000 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया था। उस मामले में भी संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार के दबाव में आए बिना सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ऐसी ही ब्रेकिंग और वायरल खबरों के लिए पढ़ते रहिए NEWSCAFFE, डालिए एक नज़र और बनाइए अपनी राय!

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!