संवाददाता, धनबाद: नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने नगर निगम क्षेत्र की जनता से भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी संजीव कुमार के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि धनबाद की जनता अब समझदार हो चुकी है और केवल चुनाव के समय नजर आने वाले “बरसाती मेढकों” के झांसे में आने वाली नहीं है।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि इस मेयर चुनाव में कई ऐसे प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनका विकास कार्यों से कोई लेना-देना नहीं रहा, लेकिन चुनाव आते ही वे सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे लोगों को जनता भली-भांति पहचानती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा समर्थित प्रत्याशी की जीत तय है और इससे शहर के विकास को नई गति मिलेगी।
सांसद ने अपने कार्यकाल के दौरान हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि गोविंदपुर में फ्लाइओवर का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जबकि निरसा में भी जल्द फ्लाइओवर निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। गयापुल चौड़ीकरण कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा रेडियो स्टेशन की शुरुआत जल्द होने जा रही है। कई ट्रेनों के ठहराव और विस्तार से संबंधित कार्य भी पूरे किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि अगले तीन वर्षों के कार्यकाल में शेष बचे विकास कार्यों को हर हाल में पूरा किया जाएगा। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि यदि अधूरे कार्य पूरे नहीं हुए तो वे अगला चुनाव नहीं लड़ेंगे।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए कुल 29 प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा समर्थित प्रत्याशी संजीव कुमार के सामने प्रमुख रूप से चंद्रशेखर अग्रवाल, संजीव सिंह, इंदु देवी तथा कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी शमशेर आलम जैसे नाम शामिल हैं।





