संवाददाता, धनबाद: धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर किया शोरूम के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े एक 12 चक्का ट्रक से पिकअप वैन की जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में पिकअप वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सासाराम से मछली अनलोड कर वापस कोलकाता लौट रही बंगाल नंबर की पिकअप वैन (WB 23M-8702) ने हाईवे किनारे खड़े 12 चक्का ट्रक (BR 28G-7127) के पीछे से टक्कर मार दी। पिकअप वैन में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें से तीन को गंभीर चोटें आईं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा बरवाअड्डा थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) भेजा। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने आमिर नामक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पिकअप चालक ने बताया कि हाईवे पर खड़ा ट्रक बिना पार्किंग लाइट के था, जिस कारण वह अंधेरे में दिखाई नहीं दिया और वाहन सीधे ट्रक से जा टकराया। चालक के अनुसार, हादसे के समय पिकअप में चार लोग सवार थे, जिनमें से एक सुरक्षित बच गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बरवाअड्डा थाना पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतक और घायल सभी कोलकाता के निवासी बताए जा रहे हैं।





