संवाददाता, धनबाद: नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा की गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू धनबाद पहुंचे। उन्होंने भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी संजीव कुमार अग्रवाल की जीत का दावा करते हुए कहा कि धनबाद की जनता विकास, सुशासन और भ्रष्टाचार-मुक्त नगर निगम के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करेगी।
बैंक मोड़ थाना क्षेत्र स्थित धोवाटांड़ कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान आदित्य साहू ने पार्टी के बागी नेताओं पर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने बताया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर संबंधित नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और अनुशासन समिति पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनुशासनहीनता पर निश्चित रूप से कार्रवाई होगी।
इस दौरान आदित्य साहू ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा-कांग्रेस की सरकार डर के माहौल में काम कर रही है। उनका आरोप है कि एक सोची-समझी रणनीति के तहत नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर न कराकर गैर-दलीय कराया गया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के आंदोलन और दबाव के कारण ही सरकार को चुनाव कराना पड़ा।
जेएमएम समर्थित मेयर प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल द्वारा गिनाए जा रहे विकास कार्यों पर प्रतिक्रिया देते हुए आदित्य साहू ने कहा कि वे कार्य पूर्ववर्ती सरकारों की देन हैं। उन्होंने कहा कि रघुवर दास के नेतृत्व वाली राज्य सरकार और नरेन्द्र मोदी सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार-मुक्त शासन और मजबूत कानून-व्यवस्था रही, जबकि मौजूदा सरकार में भ्रष्टाचार बढ़ा है और कानून-व्यवस्था कमजोर हुई है।
आदित्य साहू ने हाल की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि धमकी भरे पोस्टर लगने जैसी घटनाएं राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की ओर इशारा करती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि धनबाद की जनता इन मुद्दों को ध्यान में रखकर मतदान करेगी और भाजपा समर्थित उम्मीदवार को जीत दिलाएगी।





