संवाददाता, धनबाद: धनबाद के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत हीरापुर स्थित एचई हाई स्कूल के स्टोर रूम में रविवार की शाम अचानक आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूल के गोदाम से अचानक धुएं और आग की तेज लपटें उठने लगीं। यह देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार होने के कारण स्कूल बंद था। स्टोर रूम में पुरानी किताबें, कुर्सियां और अन्य सामान रखे हुए थे, जिनमें आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, लेकिन समय रहते दमकल कर्मियों के पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है।





