संवाददाता, धनबाद: जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के पंजाबिधोडा में शनिवार को किन्नर समुदाय के बीच आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में श्वेता किन्नर समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि समुदाय के ही एक व्यक्ति ने लाठी-डंडे और पत्थर से हमला कर दिया, जिससे चारों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घायल श्वेता किन्नर ने बताया कि वह समाज सेवा से जुड़ी हुई हैं और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समुदाय के ही एक व्यक्ति ने ईर्ष्या और आपसी रंजिश के चलते उन पर और उनके साथियों पर जानलेवा हमला किया। श्वेता का कहना है कि उन्हें पूर्व में भी जान से मारने की धमकी मिल चुकी थी, जिसकी जानकारी थाना को दी गई थी। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।
वहीं, जोड़ापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता ने बताया कि किन्नर समुदाय के बीच आपसी विवाद के कारण मारपीट की घटना हुई है, जिसमें चार लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





