धनबाद जेल में छापेमारी, डीसी ने खुद एक-एक वार्ड को खंगाला

newscaffeofficial@gmail.com
2 Min Read

संवाददाता, धनबाद: धनबाद मंडल कारा का गुरुवार को जिला प्रशासन और न्यायिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार तथा धनबाद न्यायालय के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बाल कृष्ण तिवारी ने जेल परिसर के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैरक, किचन, अस्पताल कक्ष, पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई, शौचालय और सुरक्षा इंतजामों की विस्तार से जांच की। साथ ही कैदियों को दी जा रही मूलभूत सुविधाओं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।

जेल निरीक्षण के बाद उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि जेल प्रशासन द्वारा दी जा रही सुविधाएं कुल मिलाकर संतोषजनक पाई गई हैं। उन्होंने कहा कि कुछ छोटी-मोटी कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने बताया कि राज्य सरकार के निर्धारित स्टैंडर्ड मेनू के अनुसार सप्ताह में तीन दिन कैदियों को मांसाहारी भोजन दिया जा रहा है। किचन की व्यवस्था भी ठीक पाई गई है और जल्द ही भोजन मेनू को जेल की दीवारों पर प्रदर्शित किया जाएगा।

वहीं, एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि सुरक्षा ऑडिट के तहत जिले के सभी सरकारी भवनों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है। इसी क्रम में धनबाद मंडल कारा की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया, जो सही पाई गई। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम और सिविल सर्जन भी मौजूद रहे। उन्होंने कैदियों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा व्यवस्था की जानकारी ली और अस्पताल कक्ष का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने बताया कि यह निरीक्षण नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य जेल प्रशासन की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना और कैदियों को सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करना है।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!