Dhanbad News: सर्वर फेलियर के कारण SSC MTS की तीनों पालियों की परीक्षा रद्द

newscaffeofficial@gmail.com
2 Min Read

संवाददाता, धनबाद: धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कौआबांध स्थित एलेक्सा आईटी सोल्यूशन परीक्षा केंद्र पर बुधवार को आयोजित एसएससी एमटीएस की तीनों पालियों की परीक्षा तकनीकी कारणों से रद्द कर दी गई। परीक्षा अचानक रद्द होने की सूचना मिलते ही केंद्र पर पहुंचे अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

झारखंड और बिहार के विभिन्न जिलों से परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों का कहना है कि बिना पूर्व सूचना परीक्षा रद्द होने से उन्हें मानसिक और आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ी है। कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा संचालन एजेंसी एडुक्विटी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इससे पहले भी अन्य परीक्षाओं के दौरान विभिन्न केंद्रों पर तकनीकी खामियां सामने आ चुकी हैं। उनका आरोप है कि जब परीक्षा का संचालन टीसीएस कंपनी द्वारा किया जाता था, तब इस तरह की सर्वर संबंधी समस्याएं नहीं होती थीं, लेकिन एडुक्विटी के जिम्मे परीक्षा आने के बाद तकनीकी दिक्कतें आम हो गई हैं।

परीक्षा रद्द होने के बाद केंद्र के बाहर अभ्यर्थियों की भीड़ जुट गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गोविंदपुर और बरवाअड्डा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और अभ्यर्थियों को शांत कराने का प्रयास किया।

मामले को लेकर परीक्षा पर्यवेक्षक रणजीत सिंह ने बताया कि एसएससी एमटीएस की परीक्षा चार फरवरी से चल रही है। बुधवार को सर्वर में आई तकनीकी गड़बड़ी के कारण तीनों शिफ्ट की परीक्षा रद्द करनी पड़ी। उन्होंने स्पष्ट किया कि रद्द की गई परीक्षा की नई तिथि और आगे की जानकारी एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जल्द ही जारी की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!