MP: मुरैना के मंदिर में प्रसाद वितरण के दौरान छत ढहने से तीन की मौके पर मौत, छह घायल

newscaffeofficial@gmail.com
2 Min Read

मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में सोमवार को एक धार्मिक स्थल पर हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कैलारस थाना क्षेत्र के एहरौली गांव स्थित चमड़ा माता मंदिर में चल रहे मरम्मत कार्य के बीच अचानक छत का एक हिस्सा ढह गया। मलबे की चपेट में आने से तीन मासूम बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य बच्चियां और एक दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के वक्त मंदिर परिसर में धार्मिक गतिविधि चल रही थी। बताया जा रहा है कि प्रसाद वितरण के बाद महिलाएं और बच्चे मंदिर के आसपास मौजूद थे। इसी दौरान ऊपर चल रहे निर्माण कार्य के बीच छत कमजोर होकर भरभराकर नीचे आ गिरी। अचानक हुए इस हादसे से मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी घायलों का इलाज जारी है, जिनमें कुछ की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

सूचना मिलते ही कैलारस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मंदिर में मरम्मत और निर्माण कार्य चल रहा था, लेकिन सुरक्षा मानकों का पर्याप्त पालन नहीं किया गया था। पुलिस ने मृत बच्चियों के परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर लिए हैं।

प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने घायलों के समुचित इलाज का भरोसा दिलाया है। वहीं हादसे के बाद एहरौली गांव में शोक का माहौल है, साथ ही निर्माण कार्य में लापरवाही को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!