संवाददाता, नई दिल्ली: दिल्लीवासियों के लिए यमुना नदी एक नया आकर्षण बनने जा रही है। राजधानी में जल्द ही लग्जरी क्रूज सेवा शुरू की जाएगी, जिससे लोग यमुना में आधुनिक और आरामदायक जलयात्रा का अनुभव कर सकेंगे। इस दिशा में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।
मुंबई से दिल्ली लाए गए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस लग्जरी क्रूज को यमुना नदी में उतारने की प्रक्रिया चल रही है। जानकारी के अनुसार, 17 फरवरी को इसका ट्रायल रन किया जाएगा, जबकि 20 फरवरी से आम यात्रियों के लिए यह सेवा शुरू होने की संभावना है।
क्रूज में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक बैठने की व्यवस्था, आरामदायक केबिन, सुरक्षा उपकरण और मनोरंजन से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रशासन का मानना है कि यह पहल न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि यमुना नदी के सौंदर्य और उपयोगिता को लेकर लोगों की सोच में भी बदलाव लाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, क्रूज संचालन के दौरान पर्यावरण और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। यमुना में शुरू होने वाली यह लग्जरी क्रूज सेवा दिल्ली के पर्यटन मानचित्र में एक नया अध्याय जोड़ने वाली मानी जा रही है।





