न्यूज़ कैफे संवाददाता, धनबाद: नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए धनबाद जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले हर संभावित कारक पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी—चाहे वह नगद लेन-देन हो, सोशल मीडिया गतिविधि हो या फिर सुरक्षा से जुड़ा मामला।
नगद राशि पर सख्त निगरानी
उपायुक्त आदित्य रंजन ने रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति 1 लाख 99 हजार रुपये से अधिक नकद लेकर चलता पाया जाता है, तो उसे उस राशि के स्रोत और उपयोग की वास्तविक जानकारी देनी होगी। वहीं 10 लाख रुपये से अधिक नकद मिलने की स्थिति में आयकर विभाग को तत्काल सूचना दी जाएगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य चुनाव में धनबल के उपयोग को रोकना है।
हर बूथ बनेगा मॉडल बूथ
प्रशासन की ओर से यह भी बताया गया कि मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और हर बूथ को मॉडल बूथ के रूप में विकसित किया गया है। धनबाद नगर निगम क्षेत्र में कुल 974 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 158 सामान्य, 648 संवेदनशील और 168 अति संवेदनशील श्रेणी में हैं। वहीं चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र में 40 सामान्य और 2 संवेदनशील मतदान केंद्र चिह्नित किए गए हैं।
शिकायत के लिए खुले रहेंगे सभी माध्यम
आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की स्थिति में आम नागरिक कंप्लेंट मॉनिटरिंग सेल या चुनाव प्रेक्षकों से सीधे शिकायत दर्ज करा सकेंगे। प्रशासन ने नागरिकों से निर्भीक होकर शिकायत करने की अपील की है।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि हर मतदान केंद्र पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी। अति संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही क्विक रिस्पांस टीम और रशिंग पार्टी पूरे जिले में लगातार गश्त पर रहेंगी, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
सोशल मीडिया पर रहेगी 24 घंटे नजरचुनाव के दौरान सोशल मीडिया के दुरुपयोग को रोकने के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को 24 घंटे सक्रिय कर दिया गया है। फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप सहित सभी प्रमुख प्लेटफॉर्म पर प्रसारित सामग्री पर नजर रखी जाएगी। एसएसपी ने मीडिया और आम लोगों से भ्रामक, फेक या सौहार्द बिगाड़ने वाली सूचनाओं से बचने की अपील की है।
हथियार जमा नहीं करने पर होगी कार्रवाईजिले में कुल 1016 लाइसेंसी हथियार हैं, जिनमें से अब तक 189 हथियार जमा किए जा चुके हैं। शेष लाइसेंसधारियों को 15 फरवरी तक अपने हथियार नजदीकी थाना में जमा कराना अनिवार्य है। निर्धारित समय तक हथियार जमा नहीं करने और छूट के लिए आवेदन नहीं देने वालों के खिलाफ लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मतदान के दिन 23 फरवरी को बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से मतदान सामग्री का वितरण किया जाएगा। मतदान के बाद सामग्री को धनबाद पॉलिटेक्निक में जमा कराया जाएगा। वहीं 27 फरवरी को यहीं मतगणना संपन्न होगी। चुनाव संचालन के लिए 6000 से अधिक कर्मी, 180 बसें और 500 से ज्यादा वाहन लगाए जा रहे हैं।
मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर दिया गया जोर
प्रशासन ने मतदाता जागरूकता के लिए स्वीप कोषांग को सक्रिय कर दिया है। जिन क्षेत्रों में पिछले चुनाव में मतदान प्रतिशत कम रहा था, वहां विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।





