संवाददाता, धनबाद: धनबाद पुलिस की सतर्कता ने सोमवार देर रात एक बड़ी वारदात को टाल दिया। वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर दामोदरपुर में चेकिंग के दौरान प्रिंस खान गिरोह से जुड़ा कुख्यात शूटर रबीउल इस्लाम उर्फ मोटा को पुलिस ने देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। वह धनबाद के एक व्यापारी की हत्या की साजिश को अंजाम देने आ रहा था।
पुलिस ने बताया कि रबीउल इस्लाम प्रिंस खान और गोपी खान के लिए काम करता है और 2024 में शहाबुद्दीन सिद्धीकी की हत्या में भी शामिल था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि ऋतिक खान ने उसे हथियार और मोटरसाइकिल मुहैया कराई थी। गिरफ्तारी के वक्त उसके पास से .38 बोर का छह चक्रीय पिस्टल, चार जिंदा गोली और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई।
धनबाद पुलिस ने बताया कि शहर में बड़ी आपराधिक वारदात होने से पहले ही उसे नाकाम कर दिया गया। इस ऑपरेशन में चाईबासा पुलिस का भी सहयोग रहा।





