संवाददाता, धनबाद: कोयलांचल की धरती पर एक बार फिर अवैध कोयला तस्करी का काला सच सामने आया है। तेतुलमारी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम को एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सामने से आ रही बोलेरो गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। बोलेरो में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पिकअप वाहन को आग के हवाले कर सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। गुस्साए लोग थाना पुलिस पर अवैध कोयला तस्करी में मिलीभगत का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी करने लगे।

पुलिस पर लगे गंभीर आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध कोयला लोड किए दर्जनों पिकअप और बाइक हर दिन तेतुलमारी थाना के सामने से बेखौफ गुजरते हैं, लेकिन पुलिस कभी कोई कार्रवाई नहीं करती। लोगों का आरोप है कि थाना से चंद कदमों की दूरी पर कोयला से लदे वाहन निकलते हैं, लेकिन पुलिस आंखें मूंदे रहती है।
भीड़ ने उठाया सवाल—”क्यों नहीं रोकती पुलिस?“
गुस्साई भीड़ ने पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि यदि पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो यह हादसा टाला जा सकता था। स्थानीय निवासी जय राम महतो के नेतृत्व में लोग देर रात तक सड़क पर डटे रहे और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रशासन ने कहा—जांच जारी, दोषियों पर होगी कार्रवाई
फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर जलते हुए पिकअप वाहन की आग बुझाई। वहीं पुलिस ने घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि घटना की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विशेष रिपोर्ट: कोयलांचल में कोयले की लूट रुकने का नाम नहीं ले रही। सवाल ये है कि जब हर दिन दर्जनों अवैध वाहन थाना के सामने से निकलते हैं, तो पुलिस की आंखें क्यों बंद रहती हैं? क्या यह सिस्टम की नाकामी है या फिर कोई “सांठगांठ”?





