Ram Navami 2025: धनबाद: रामनवमी पर्व को लेकर धनबाद जिला प्रशासन ने शुक्रवार की शाम व्यापक सुरक्षा इंतजामों के साथ फ्लैग मार्च किया। यह फ्लैग मार्च संध्या 5 बजे समाहरणालय से शुरू होकर शहर के प्रमुख क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों से होते हुए गुजरा। इसका उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील करना था।
फ्लैग मार्च का रूट सिटी सेंटर, बेकारबांध, पूजा टॉकीज, श्रमिक चौक, सुभाष चौक, बिरसा मुंडा चौक, बैंक मोड़, जेपी चौक, धनसार, बस्ताकोला, झरिया, इंदिरा चौक, भागा, फुसबंगला, पाथरडीह, सिंदरी, बलियापुर, मैथन और निरसा बाजार जैसे कई इलाकों तक फैला रहा।
जिला प्रशासन के अनुसार, जिले में चिन्हित 90 संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। पुलिस टीमों के अलावा सादे लिबास में भी जवानों की निगरानी जारी रहेगी। वरीय पुलिस अधीक्षक हृदीप पी जनार्दनन ने बताया कि जुलूस मार्गों की निगरानी ड्रोन कैमरों और CCTV से की जाएगी।
उन्होंने अखाड़ा समितियों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित मार्ग में किसी प्रकार का परिवर्तन न करें। डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक नारेबाजी या अनुशासनहीनता पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उप विकास आयुक्त सादात अनवर ने भी आम नागरिकों से अपील की कि वे रामनवमी पर्व को आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है, और अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने बताया कि दो हजार से अधिक पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई है ताकि पर्व के दौरान हर किसी को सुरक्षा का भरोसा मिल सके।





