संवाददाता, धनबाद: पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल में आरपीएफ ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन WILEP (Wildlife Protection) के तहत ट्रेन संख्या 13010 योग नगरी ऋषिकेश–हावड़ा दून एक्सप्रेस के एक सामान्य कोच से 16 जीवित कछुओं को बरामद किया गया है।
आरपीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त ट्रेन के जरिए कछुओं की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर आरपीएफ पोस्ट और सीआईबी की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या दो पर ट्रेन के पहुंचते ही जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान इंजन की ओर से दूसरे सामान्य कोच में सीट के नीचे एक नीले रंग का कपड़े का थैला लावारिस हालत में मिला। किसी भी यात्री ने थैले पर दावा नहीं किया, जिससे टीम को संदेह हुआ।
ट्रेन खुलने से पहले थैले को प्लेटफॉर्म पर उतारकर गवाहों के सामने खोला गया। जांच में जूट के बोरे के अंदर कुल 16 जीवित इंडियन फ्लैपशेल प्रजाति के कछुए पाए गए। इसके बाद जब्ती सूची तैयार कर कछुओं को जब्त किया गया और आरपीएफ पोस्ट लाया गया।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार बरामद कछुए वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत संरक्षित प्रजाति में आते हैं। कछुओं को सुरक्षित रूप से वन विभाग को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले में तस्करों की पहचान और आगे की जांच जारी है।





